कहा-अमेरिका की दूसरे देशों के संसाधनों पर नजर
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शुक्रवार को ईरान के लोगों से अमेरिका और इस्राइल की चाल को हराने के लिए एकजुट होने की अपील की। साथ ही इस्लामिक रिपब्लिक के नेतृत्व से वहां प्रदर्शनकारियों की शिकायतों को दूर करने के लिए कहा।
मुफ्ती ने कहा, अमेरिका कहता है कि वे दूसरे देशों में वहां के नेतृत्व को हटाकर वहां महिलाओं के अधिकारों के लिए लड़कर लोकतंत्र स्थापित करना चाहता है जबकि असल में अमेरिका की नजर उन देशों के ईंधन वगैरह पर है। उन्होंने कहा कि गाजा में अत्याचार हो रहे हैं लेकिन अमेरिका वहां दखल नहीं देता। मुझे खुशी है कि जम्मू-कश्मीर खासकर कश्मीर में लोग ईरान के समर्थन में सड़कों पर उतरे। उम्मीद है कि ईरान के लोग समझेंगे कि अमेरिका और इस्राइल किसी के दोस्त नहीं हैं। ईरान के लोग नहीं समझे तो उनकी हालत सीरिया से भी बदतर हो जाएगी।
विदेश मंत्री से छात्रों को वापस लाने के लिए विशेष उड़ानों की व्यवस्था करने का अनुरोध
ईरान के भारत के साथ संबंधों का जिक्र करते हुए पीडीपी अध्यक्ष ने कहा, कश्मीर का भी ईरान के साथ करीबी रिश्ता है लेकिन जब से भाजपा सरकार आई है देश में पूरा सिस्टम बदल गया है। लोग अब विरोध करने से डरते हैं। उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर से ईरान में फंसे छात्रों को वापस लाने के लिए विशेष उड़ानों की व्यवस्था करने का अनुरोध भी किया।