अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। ईरान में पढ़ रहे कश्मीरी छात्रों के अभिभावक लगातार भारत सरकार से अपने बच्चों की सुरक्षित वापसी की अपील कर रहे हैं। कई छात्रों के परिवार वालों ने कहा कि अधिकारियों ने तेहरान से कई छात्रों को सुरक्षित जगहों पर भेज दिया है लेकिन चल रहे संघर्ष की वजह से पूरे ईरान में हालात अभी भी अनिश्चित हैं।
फंसे हुए छात्रों में से एक के पिता मोहम्मद अशरफ ने कहा कि वे तेहरान से छात्रों को निकालने के लिए विदेश मंत्रालय, प्रधानमंत्री और जम्मू-कश्मीर सरकार के शुक्रगुजार हैं। हालांकि उन्होंने देश में अभी भी मौजूद भारतीयों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ईरान का हर इंच आग की चपेट में है। वहां फंसे छात्र, कारोबारी और तीर्थयात्री बहुत ज्यादा खतरे में हैं। हम चाहते हैं कि हमारे बच्चों को सुरक्षित निकाला जाए। हम उनके एयर टिकट का खर्च भी उठाने को तैयार हैं। माता-पिता ने जल्द से जल्द जरूरी कदम उठाने की अपील की है।
वहीं जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन (जेकेएसए) के राष्ट्रीय संयोजक नासिर खुएहामी ने बताया कि ईरान के उर्मिया से लगातार एयर स्ट्राइक और धमाकों के बाद डरावने दृश्य सामने आ रहे हैं। फंसे हुए छात्रों ने कहा कि जिन इमारतों पर एयर स्ट्राइक हुई वे भारतीय छात्रों की डॉरमेट्री से मुश्किल से 500 मीटर दूर हैं। फाइटर जेट्स की आवाज और बार-बार हमलों से लगातार डर और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।