श्रीनगर। प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा के प्रभावी क्रियान्वयन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद ने यूनिसेफ के समर्थन से एससीईआरटी परिसर में एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया। सोमवार को आयोजित इस कार्यक्रम में कश्मीर संभाग के 10 जिलों से चयनित 100 संस्थान प्रमुखों (एचओआई) और क्लस्टर हेड्स ने भाग लिया।
ओरिएंटेशन कार्यशाला का संचालन वरिष्ठ शैक्षणिक अधिकारी शेख गुलजार अहमद तथा जेकेएएसडब्ल्यू की टीम द्वारा किया गया। जेकेएएसडब्ल्यू टीम ने प्रतिभागियों को ईसीसीई के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया और शिक्षा में एएवाईए (ईसीसीई हेल्पर्स) की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला।
अपने तरह की इस पहली कार्यशाला में प्रत्येक जिले से 10-10 क्लस्टर हेड्स व एचओआई ने भाग लिया। कार्यशाला से क्लस्टर हेड्स को ईसीसीई के प्रभावी क्रियान्वयन और एएवाईए की स्पष्ट भूमिका को समझने में मदद मिलने की उम्मीद है। संवाद