शोपियां में अपराध और सुरक्षा समीक्षा बैठक लेते एसएसपी। स्रोत पुलिस
- फोटो : udhampur news
- शोपियां में अपराध और सुरक्षा की समीक्षा बैठक, एसएसपी मुश्ताक अहमद चौधरी ने दिए सख्त निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
शोपियां। जिले में समग्र अपराध स्थिति, सुरक्षा तैयारियों और महत्वपूर्ण मामलों की प्रगति की समीक्षा के लिए एसएसपी शोपियां मुश्ताक अहमद चौधरी ने डीपीओ शोपियां के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक व्यापक अपराध एवं सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश दिए।
बैठक में यूएपीए और एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज अपराध मामलों की स्थिति, जांच की प्रगति, निपटान दर और फील्ड स्तर पर आने वाली चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा हुई। एसएसपी शोपियां ने पेशेवर, निष्पक्ष और कानूनी रूप से मजबूत जांचों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने समयबद्ध चार्जशीट दाखिल करने, मामलों की निकट निगरानी और प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित कर दोषसिद्धि दर में सुधार लाने के निर्देश दिए।
यूएपीए मामलों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने सबूतों के गहन संग्रह, कानूनी प्रावधानों का सख्ती से पालन और खुफिया एजेंसियों के साथ निकट समन्वय पर बल दिया ताकि अवैध और विध्वंसक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ मजबूत केस बनाया जा सके। ड्रग तस्करी की बढ़ती समस्या और इसके सामाजिक प्रभाव को देखते हुए एसएसपी ने एनडीपीएस एक्ट के तहत एंटी-नारकोटिक्स अभियानों को और तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने आदतन अपराधियों, डीलरों और सप्लायरों की पहचान करने, अन्य प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय मजबूत करने और जिले में सक्रिय ड्रग नेटवर्क को तोड़ने पर जोर दिया।