- 60 जलभराव वाले स्थान चिह्नित, डीवाटरिंग स्टेशन और मोबाइल पंप चालू, 24x7 कंट्रोल रूम सक्रिय : एसएमसी आयुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। श्रीनगर नगर निगम (एसएमसी) ने सोमवार को बताया कि तेज और भारी बारिश के कारण शहर की ड्रेनेज क्षमता से अधिक पानी भर गया। पूरे श्रीनगर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए डीवाटरिंग स्टेशनों को सक्रिय कर दिया गया है। मोबाइल पंप चालू कर दिए गए हैं और मैदानी टीमों को मुस्तैद कर दिया गया है।
पत्रकारों से बात करते हुए एसएमसी आयुक्त फजलुल हसीब ने कहा कि शहर में दो घंटे हुई मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में व्यापक जलभराव हो गया। बारिश का पानी ड्रेनेज की क्षमता से बहुत अधिक था। निगम ने शहर में लगभग 60 ऐसे संवेदनशील हॉटस्पॉट चिह्नित किए हैं जहां जलभराव की गंभीर समस्या हुई है। जरूरत के हिसाब से हर जगह टीमों को भेजा जा रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि बारिश शुरू होते ही सिटी ड्रेनेज, एसएंडडी-2 और मैकेनिकल ड्रेनेज डिवीजनों की टीमों को तुरंत मैदान में उतार दिया गया। जिन इलाकों में स्थायी पंपिंग इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद है वहां डीवाटरिंग स्टेशन लगातार काम कर रहे हैं जबकि जिन स्थानों से पानी आसानी से नहीं निकल पा रहा है, वहां मोबाइल डीवाटरिंग पंप तैनात किए जा रहे हैं।
आयुक्त ने कहा कि शहर का ड्रेनेज इंफ्रास्ट्रक्चर उसकी बढ़ती जरूरतों के हिसाब से पर्याप्त है या नहीं, यह एक अलग बहस का विषय है लेकिन फिलहाल उनकी प्राथमिक प्राथमिकता अगले तीन दिनों तक स्थिति को प्रभावी ढंग से संभालना है।
टीमों को अलर्ट पर रखा गया है
हसीब ने बताया कि सभी डीवाटरिंग स्टेशनों, मोबाइल पंपों और मैदानी टीमों को अलर्ट पर रखा गया है जबकि एसएमसी का कंट्रोल रूम आम जनता की शिकायतों के लिए 24 घंटे काम कर रहा है। उन्होंने जलभराव का सामना कर रहे निवासियों से कंट्रोल रूम पर संपर्क करने की अपील की ताकि राहत टीमों को बिना किसी देरी के मौके पर भेजा जा सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि तीनों प्रमुख डिवीजन जमीन पर डटे हैं और लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।