नगर निगम के कमिश्नर ने केंद्रीय कार्यालय करण नगर में की समीक्षा बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। नगर निगम के कमिश्नर फाज लुल हसीब ने शनिवार को निगम के केंद्रीय कार्यालय करण नगर में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने बर्फबारी के दौरान मुख्य सड़कों पर साफ-सफाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने शीतकालीन मौसम से पहले बर्फ साफ और जल निष्कासन संचालन के लिए निगम की तैयारियों की जानकारी हासिल की। बैठक में संयुक्त कमिश्नर, कार्यकारी अभियंता, मुख्य स्वच्छता अधिकारी, मुख्य परिवहन अधिकारी, स्टोर अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कमिश्नर ने सभी नगरपालिका वार्डों में समय पर और प्रभावी बर्फ सफाई सुनिश्चित करने के लिए कार्य बल और मशीनरी की व्यापक तैनाती योजना का मूल्यांकन किया।
उन्होंने अधिकारियों को महत्वपूर्ण सार्वजनिक मार्गों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से उन मार्गों को जो अस्पतालों, राशन डिपो, मंदिरों और मस्जिदों, सरकारी संस्थानों को जोड़ते हैं ताकि बर्फबारी के दौरान निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
एसएमसी की उन्नत क्षमताओं को उजागर करते हुए कमिश्नर ने कहा कि निगम आधुनिक स्नो क्लियरेंस मशीनरी, उन्नत डीवॉटरिंग सिस्टम और आधुनिक गतिशीलता समर्थन से लैस है जो एसएमसी को सर्दियों से संबंधित चुनौतियों का तुरंत और प्रभावी ढंग से सामना करने में सक्षम बनाता है। कमिश्नर ने स्नो मॉनिटरिंग समिति और 24×7 कंट्रोल रूम को पूर्ण कार्यात्मक तत्परता बनाए रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा 24×7 कंट्रोल रूम को लोगाें की चिंताओं के प्रति सक्रिय और उत्तरदायी रहना चाहिए, ताकि बर्फ सफाई और संबंधित मुद्दों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने डिवॉटरिंग की तैयारी के संबंध में निर्देश दिया कि सभी स्थायी डिवॉटरिंग स्टेशन को सर्वोत्तम कार्यशील स्थिति में बनाए रखा जाए। उन्होंने संवेदनशील और निचले क्षेत्रों में जल जमाव को कम करने के लिए उच्च क्षमता वाली मोबाइल पंपों की त्वरित तैनाती पर भी जोर दिया। कमिश्नर ने कहा कि एसएमसी की आधुनिक बुनियादी संरचना, सक्रिय योजना और समर्पित कार्य बल इसकी सर्दियों की प्रतिक्रिया रणनीति का मुख्य आधार हैं।
उन्होंने यह भी नोट किया कि निगम पूरी तरह से तैयार है ताकि पूरी सर्दियों के मौसम के दौरान श्रीनगर को सुलभ, सुरक्षित और मजबूत बनाए रखा जा सके।