शोपियां। मुगल रोड वाहनों की आवाजाही के लिए खुल जाने से यात्रियों व वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है। शनिवार को ट्रैफिक पुलिस की ओर से निर्धारित चार घंटे के लिए छोटे वाहनों को आवाजाही के लिए छोड़ा गया था। रविवार को दिन भर सड़क मार्ग खुला रहा और वाहनों की आवाजाही जारी रही।
सड़क मार्ग को खोलने का फैसला पहाड़ी क्षेत्र की सड़कों की स्थिति और मौसम को देखते हुए लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार पीर की गली क्षेत्र बर्फबारी और बर्फीली परिस्थितियों के लिए संवेदनशील है। इस वजह से अभी भारी वाहनों को चलने की अनुमति नहीं दी गई है। केवल हल्के मोटर वाहनों को ही चलने की इजाजत दी गई है। वाहन चालकों और यात्रियों को सख्ती से यातायात निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मौसम की स्थिति और सड़क सुरक्षा आकलनों के आधार पर आगे यह निर्णय बदल भी सकता है। यात्रियों को अपनी यात्रा शुरू करने से पहले नवीनतम यातायात अपडेट करने और केवल सूचित घंटों में यात्रा करने की सलाह दी गई है। मुगल रोड दक्षिण कश्मीर को पीर पंजाल क्षेत्र से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग है। इसके अस्थायी खुलने से स्थानीय लोगों को राहत मिलने और कठोर शीतकालीन अवधि के दौरान आवश्यक आवाजाही सुनिश्चित करने में मदद मिलने की उम्मीद है। संवाद