- पीर की गली, लाल गुलाम, मुगल सराय और दुबजान जैसे इलाकों में सात से आठ फीट दर्ज की गई थी बर्फबारी
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। कश्मीर घाटी को पीर पंजाल क्षेत्र से जोड़ने वाली ऐतिहासिक मुगल रोड पर शुक्रवार को एक बार फिर वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी गई। भारी बर्फबारी के बाद सड़क खुलने से दोनों ओर के लोगों ने राहत की सांस ली है।
हर साल नवंबर से दिसंबर के महीनों में सड़क बंद हो जाती थी। कई स्थानों पर चार से छह फीट तक बर्फ जम जाती थी। कुछ वर्षों में यह स्तर इससे भी अधिक रहा जिसके चलते सड़क पांच से छह महीने तक बंद रहती थी। इस साल सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी बॉर्डर रोड आर्गनाइजेशन (बीआरओ) को सौंपी गई थी। प्रशासन के सहयोग से बीआरओ ने मुश्किल हालात में भी लगातार काम जारी रखा।
पीर की गली, लाल गुलाम, मुगल सराय और दुबजान जैसे इलाकों में सात से आठ फीट तक बर्फबारी दर्ज की गई। इसके बावजूद फरवरी माह में ही सड़क को यातायात के लिए खोल दिया गया जो पिछले पांच से सात वर्षों में पहली बार हुआ है। मुगल रोड को अब राष्ट्रीय राजमार्ग-701 का दर्जा दिया गया है। यह सड़क पुंछ, शोपियां और बडगाम जिलों को जोड़ती है।
एक स्थानीय युवक मोहम्मद वसीम ने बीआरओ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि एजेंसी ने दिन-रात मेहनत कर संपर्क बहाल किया। लोगों ने शोपियां और पुंछ के जिला प्रशासन और खास तौर पर बीआरओ की 52वीं आरसीसी इकाई का आभार जताया। सड़क खुलने से ईद जैसे पर्वों पर बेटियां मायके आ-जा सकेंगी, बुजुर्गों और बच्चों को भी सहूलियत मिलेगी। साथ ही बाबा गुलाम शाह बादशाह विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों को भी घर लौटने में आसानी होगी। श्रीनगर के सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने जाने वाले मरीजों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इससे पहले जारी आदेशों के अनुसार मौसम और सड़क की स्थिति ठीक रहने और जीआरईएफ से अनुमति मिलने के बाद सिर्फ हल्के मोटर वाहन (एलएमवी) को ही दोनों ओर से यानी जम्मू से श्रीनगर और श्रीनगर से जम्मू जाने की अनुमति होगी। वाहन चांदीमारी बफलियाज से शोपियां तथा हिरपोरा शोपियां से पुंछ की ओर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चल सकेंगे। इसके बाद किसी भी वाहन को चलने की इजाजत नहीं होगी। टीसीयू जम्मू और श्रीनगर कटऑफ समय की सूचना जारी करेंगे।
प्रशासन ने लोगों से यात्रा से इस रूट पर यात्रा करने से पहले ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट से सड़क के हालात की जानकारी लेने की सलाह दी।