अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। कश्मीर के मुख्य मौलवी मीरवाइज उमर फारूक ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्हें नजरबंद कर दिया गया है। उन्हें यहां जामिया मस्जिद में सामूहिक नमाज अदा करने की इजाजत नहीं दी गई।
मीरवाइज ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी सूचना दी गई। उन्होंने लिखा कि इसकी जानकारी कभी लिखित में नहीं दी गई लेकिन मेरे गेट और पूरे इलाके के सामने पुलिस की गाड़ियां और बड़ी टुकड़ियां तैनात की गई हैं। गलियों और रास्तों को कंटीले तारों से बंद कर दिया गया। गाड़ियों की आवाजाही रोक दी गई ।
उन्होंने कुछ तस्वीरें भी पोस्ट कीं, जिनमें कथित तौर पर शहर के नगीन इलाके में उनके घर के गेट के बाहर सुरक्षाबलों की एक बड़ी टुकड़ी और पुलिस की गाड़ियां दिखाई दे रही हैं। मीरवाइज श्रीनगर के पुराने शहर नौहट्टा इलाके में बनी भव्य ऐतिहासिक जामिया मस्जिद में शुक्रवार को उपदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें घर में नजरबंद रखना शासकों की घबराहट को दिखाता है।