श्रीनगर। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने वीरवार को श्रीनगर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल काउंसिल की लंबे समय से चली आ रही निष्क्रियता पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि रजिस्ट्रेशन रुके होने के कारण हजारों प्रशिक्षित पैरामेडिकल और संबंधित स्वास्थ्य ग्रेजुएट कई सालों से अधर में लटके हुए हैं।
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि 12 हजार से ज्यादा योग्य पैरामेडिकल और संबंधित स्वास्थ्य ग्रेजुएट नौकरियों के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि अनिवार्य रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया रुकी हुई है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल काम नहीं कर रहा है जिस कारण वैकेंसी निकलने पर भी आवेदक आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
लगातार देरी से उन प्रशिक्षित युवाओं के लिए अनिश्चितता पैदा हो गई है जिन्होंने अपने प्रोफेशनल कोर्स पूरे कर लिए हैं लेकिन वे नौकरी नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने इस स्थिति को एक गंभीर प्रशासनिक विफलता बताया जो सीधे तौर पर स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं पर असर डाल रही है।
अधिकारियों की उदासीनता हजारों कुशल युवाओं के भविष्य को खतरे में डाल रही है जो अन्यथा अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में सेवा देने के योग्य हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पैरामेडिकल प्रोफेशनल स्वास्थ्य प्रणाली की एक महत्वपूर्ण रीढ़ है और उन्हें प्रक्रियात्मक खामियों के कारण नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। ब्यूरो