जेकेएसएसबी भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली पर भड़कीं महबूबा मुफ्ती,
-कहा- निर्वाचित सरकार आने के बाद भी नहीं बदली स्थिति, परीक्षाओं के नाम पर छात्रों से वसूले जा रहे करोड़ों रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों की पहचान होने तक बोर्ड की आगामी सभी परीक्षाओं पर रोक लगाने की मांग की है।
श्रीनगर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पीडीपी प्रमुख ने कहा कि यह एक बेहद गंभीर मामला है, जो यहां के छात्रों के भविष्य और उनकी जीवन भर की कड़ी मेहनत से जुड़ा हुआ है। सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए महबूबा मुफ्ती ने कहा कि ऐसी अनियमितताएं पहले राज्यपाल शासन के दौरान भी हुआ करती थीं, लेकिन लोगों को उम्मीद थी कि एक निर्वाचित सरकार के सत्ता में आने के बाद ऐसी गलतियां नहीं दोहराई जाएंगी।
परीक्षा शुल्क का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा, बच्चों के साथ ऐसा अन्याय नहीं होना चाहिए। वे परीक्षाओं के लिए बहुत भारी रकम चुकाते हैं। एक साल में उनसे करीब 30 करोड़ रुपये एकत्र किए जाते हैं। ऐसे में मेरा मानना है कि यह यहां के छात्रों के साथ बहुत बड़ी ज्यादती है।
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि छात्र अपनी पूरी जिंदगी कड़ी मेहनत करते हैं और उन्हें स्वतंत्र तथा निष्पक्ष परीक्षा का माहौल मिलना ही चाहिए। उन्होंने कहा, यदि हम बच्चों को एक स्वतंत्र और निष्पक्ष परीक्षा भी प्रदान नहीं कर सकते जहां वे अपनी क्षमता, अपनी मेहनत और अपनी योग्यता के दम पर जीवन में कुछ हासिल कर सकें तो फिर हम उन्हें क्या देंगे? ऐसी स्थिति में हमारे बच्चे अवसाद में चले जाएंगे।
महबूबा मुफ्ती ने आरोप लगाया कि प्रदेश में एक के बाद एक घोटाले सामने आ रहे हैं और निर्वाचित सरकार के गठन के बाद भी व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं आया है। यह एक बहुत बड़ा अन्याय है और सरकार को इस संबंध में होश में आने की जरूरत है।''''
राष्ट्रीय स्तर के नीट परीक्षा विवाद का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जब नीट परीक्षा में अनियमितताएं सामने आई थीं, तो देश भर में भारी हंगामा हुआ था और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेकर भी काफी दबाव बना था, लेकिन जम्मू-कश्मीर में ऐसा व्यवहार किया जा रहा है मानो कुछ हुआ ही न हो।
मामले की गंभीरता को दोहराते हुए पीडीपी अध्यक्ष ने सरकार से बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न करने का आग्रह किया। उन्होंने पूरे प्रकरण की गहन जांच की मांग करते हुए कहा कि तब तक आगे की सभी भर्ती परीक्षाओं को स्थगित रखा जाना चाहिए, जब तक यह पता न चल जाए कि इसके पीछे कौन सा बड़ा सिंडिकेट काम कर रहा है। यहां एक बहुत बड़ा माफिया सक्रिय है और जब तक उनकी पहचान कर कार्रवाई नहीं की जाती।