श्रीनगर। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को यूरोप और अमेरिका के साथ प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) का विरोध किया।
महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, मुझे गहरी चिंता है कि यूरोप, अमेरिका और चिली के साथ एफटीए में सेब पर आयात शुल्क कम किया जा सकता है जिससे भारत-न्यूजीलैंड एफटीए जैसी स्थिति दोहराई जाएगी। 25 प्रतिशत शुल्क कटौती ने पहले ही कश्मीर के सेब उत्पादकों को नुकसान पहुंचाया है और उन्हें अनुचित आयात का सामना करना पड़ा है।
बाजारों में आयातित सेबों की बाढ़ से जम्मू-कश्मीर की वह बागवानी व्यवस्था खतरे में पड़ जाएगी, जो करीब 15 लाख परिवारों की आजीविका का आधार है। यह सिर्फ फलों का मुद्दा नहीं है, बल्कि लाखों लोगों की रोजी-रोटी का सवाल है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री को तुरंत इस मामले को भारत सरकार के साथ उठाना चाहिए, ताकि हमारे किसानों और बागवानों की सुरक्षा हो। संवाद