कुपवाड़ा। जिला प्रशासन ने सेना, क्वालिटी हेल्थकेयर हॉस्पिटल ब्रामरी और जीएमसी हंदवाड़ा के सहयोग से नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर के तहत गुंडमाचर लोलाब में मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया। इसका उद्घाटन कुपवाड़ा के डिप्टी कमिश्नर ने क्वालिटी हेल्थकेयर हॉस्पिटल ब्रामरी के एमडी अब्दुल मजीद, बीएमओ सोगम और सेना के अधिकारियों की मौजूदगी में किया।
इस इलाके के सैकड़ों लोगों ने इस कैंप में हिस्सा लिया और मुफ्त मेडिकल सेवाओं का लाभ उठाया जिनमें स्वास्थ्य जांच, दवाएं और डायग्नोस्टिक टेस्ट शामिल थे। इस पहल का मकसद स्थानीय लोगों को आसानी से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और साथ ही नशे के दुरुपयोग के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता फैलाना था।
इस मौके पर नशा मुक्त जम्मू और कश्मीर बनाने की शपथ भी दिलाई गई जिसमें सभी प्रतिभागियों ने नशे के दुरुपयोग के खिलाफ लड़ाई में सहयोग करने और एक स्वस्थ, नशा मुक्त समाज बनाने की दिशा में काम करने का संकल्प लिया। संवाद