संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। बिजबिहाड़ा के फिरोज शाह मोहल्ला इलाके में सड़ा हुआ और कीड़ों से भरा मीट बेचने की शिकायत मिलने पर वीरवार को फूड सेफ्टी विभाग ने एक मीट शॉप को सील कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार स्थानीय लोगों की शिकायत पर विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान की जांच की। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दुकान में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन किया जा रहा था तथा लोगों को खराब और कीड़ों से संक्रमित मांस बेचा जा रहा था। विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दिया। मीट के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने दुकानदार पर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कड़ी सजा देने की मांग की। फूड सेफ्टी विभाग ने आश्वासन दिया है कि बाजारों में जांच अभियान और तेज किया जाएगा ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा सामने न आएं।