अधिकारियों ने कहा, ई केवाईसी दिक्कतों से हो रही देरी, गैस की कोई कमी नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
गांदरबल। गांदरबल जिले के कई इलाकों में एलपीजी वितरण में कथित अनियमितताओं और घर-घर सिलिंडर डिलीवरी में रुकावट को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई है। यह शिकायतें उस समय सामने आई हैं जब प्रशासन लगातार जिले में रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बड़ी संख्या में उपभोक्ता तय वितरण केंद्रों पर सुबह से ही जमा रहे जहां उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा। लोगों ने आरोप लगाया कि वितरण का कोई स्पष्ट समय नहीं बताया जा रहा और पहले की तरह होम डिलीवरी भी नियमित रूप से नहीं हो रही है।
एक स्थानीय निवासी ने बताया, हम सुबह 6:30 बजे से इंतजार कर रहे हैं लेकिन अभी तक कोई नहीं आया। पहले सिलिंडर घर तक पहुंचता था। अब वह व्यवस्था बंद जैसी हो गई है। लोग परेशान और असमंजस में हैं। कई उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि गैस सिलिंडरों का वितरण पारदर्शी तरीके से नहीं किया जा रहा जिसके चलते लंबी कतारों में लगने के बावजूद कई लोग खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। वितरण केंद्रों पर महिलाओं और बुजुर्गों को भी घंटों इंतजार करते देखा गया।
हालांकि संबंधित विभाग के अधिकारियों ने गैस की किसी भी तरह की कमी से इनकार किया है। उनका कहना है कि जिले में एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सुचारु और पर्याप्त है। अधिकारियों के मुताबिक परेशानी की मुख्य वजह कई उपभोक्ताओं की अधूरी ई-केवाईसी प्रक्रिया और आधार से मोबाइल नंबर लिंक न होना है।
एक अधिकारी ने कहा, कई उपभोक्ताओं को बुकिंग और डिलीवरी के लिए जरूरी ओटीपी नहीं मिल पा रहा है, क्योंकि उनका. ई-केवाईसी पूरा नहीं है या मोबाइल नंबर सही तरीके से लिंक नहीं है। इसी वजह से वितरण में देरी हो रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि बढ़ती मांग और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए कुछ इलाकों में घर-घर डिलीवरी की बजाय केंद्रीकृत वितरण केंद्रों से सिलेंडर दिए जा रहे हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक जल्दी गैस पहुंचाई जा सके।
अधिकारी ने आगे कहा, होम डिलीवरी बंद नहीं की गई है। कुछ क्षेत्रों में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को सुविधा देने के लिए स्पॉट डिस्ट्रीब्यूशन किया जा रहा है। हर दिन स्टॉक की भरपाई की जा रही है और किसी तरह की कमी नहीं है।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करें और मोबाइल नंबर आधार से लिंक कराएं ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही प्रशासन ने लोगों से पैनिक बाइंग से बचने की भी अपील की है और भरोसा दिलाया है कि एलपीजी के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
इस बीच स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से नियमित होम डिलीवरी बहाल करने और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।