बारामूला में सेना ने लगाया स्वास्थ्य शिविर। स्रोत सेना
बारामुला। सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए सेना ने उत्तर कश्मीर के बारामुला जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे दूरदराज के गांव चोताली और सुमवाली में व्यापक चिकित्सा आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया।
डैगर डिवीजन और पीर पंजाल ब्रिगेड के तत्वावधान में जिला चिकित्सा अधिकारियों के सहयोग से आयोजित इस पहल का उद्देश्य दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के कारण इन इलाकों में चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ उपचार तक पहुंच सीमित रहती है।
कार्यक्रम के दौरान सेना के डॉक्टरों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों की संयुक्त टीम ने बड़ी संख्या में ग्रामीणों की जांच कर उनका उपचार किया। लोगों को निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, दवाइयां, स्वास्थ्य जांच और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श सेवाएं प्रदान की गईं।
विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं पर ध्यान दिया गया। चिकित्सा टीमों ने मौसमी बीमारियों, श्वसन संक्रमण, उच्च रक्तचाप से जुड़ी समस्याओं तथा अन्य सामान्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों का उपचार किया। इसके अलावा, ग्रामीणों को स्वच्छता, पोषण, रोगों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में भी जागरूक किया गया। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए सेना और स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना की। संवाद