पहलगाम की लिददर नदी में बहे पिता की तलाश में जुटी एसडीआरएफ की टीम। संवाद
अनंतनाग। पहलगाम की लिद्दर नदी में तीन दिन पहले डूबे श्रीनगर निवासी व्यक्ति की तलाश के लिए बचाव एवं खोज अभियान लगातार जारी है। तीन दिन बीत जाने के बावजूद लापता व्यक्ति का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
अधिकारियों के अनुसार, एसडीआरएफ, राफ्टिंग टीमों और स्थानीय प्रशासन द्वारा नदी के किनारों तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बचाव दल लगातार विभिन्न स्थानों पर खोजबीन कर रहे हैं लेकिन अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।
गौरतलब है कि यह व्यक्ति अपने बेटे को बचाने के लिए लिद्दर नदी में कूद गया था। हालांकि बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया लेकिन पिता नदी की तेज धारा में लापता हो गया। अधिकारियों ने कहा है कि लापता व्यक्ति का पता चलने तक तलाशी अभियान जारी रखा जाएगा। संवाद