सेव यूथ सेव फ्यूचर के कार्यक्रम में उपराज्यपाल। संवाद
मनोज सिन्हा ने ''सेव यूथ सेव फ्यूचर फाउंडेशन'' के वॉलंटियर्स से की बातचीत
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को श्रीनगर के लोक भवन में ''सेव यूथ सेव फ्यूचर फाउंडेशन'' के वॉलंटियर्स से बातचीत की। इस दौरान उपराज्यपाल ने कहा कि ड्रग इकोसिस्टम को पूरी तरह से खत्म किया जाएगा।
उपराज्यपाल ने फाउंडेशन के सदस्यों की कम्युनिटी आउटरीच और सामाजिक पहलों के लिए उनकी सराहना की। साथ ही, नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ लड़ाई में युवाओं की अधिक भागीदारी को प्रेरित करने के उनके प्रयासों की भी तारीफ की।
युवाओं से नशा-मुक्त जम्मू-कश्मीर का एंबेसडर बनने का आह्वान करते हुए मनोज सिन्हा ने उनसे अपने इलाकों में जागरूकता फैलाना जारी रखने और एक समृद्ध और स्वस्थ समाज बनाने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ काम करने का आग्रह किया। उन्होंने ड्रग इकोसिस्टम को पूरी तरह खत्म करने के अपने संकल्प को दोहराया और यह सुनिश्चित किया कि प्रभावित युवाओं को इलाज, पुनर्वास और मुख्यधारा में लौटने के हर संभव अवसर मिलें।
बातचीत के दौरान ''सेव यूथ सेव फ्यूचर फाउंडेशन'' के सदस्यों ने ''नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान'' का नेतृत्व करने के लिए उपराज्यपाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने ड्रग पेडलर्स और नशीले पदार्थों के व्यापार में शामिल लोगों के खिलाफ सिविल प्रशासन और पुलिस द्वारा की गई सख्त कार्रवाई की भी सराहना की।
इस अवसर पर सेव यूथ सेव फ्यूचर फाउंडेशन के चेयरमैन वजाहत फारूक भट, महिला विंग की प्रमुख अनिका नजीर, दक्षिण कश्मीर के जोनल प्रेसिडेंट मुदासिर अहमद डार और फाउंडेशन की टीम के सदस्य मौजूद थे।