- यूटी स्थापना दिवस पर दी बधाई, सभी जिलों में दिखा भारी उत्साह, सरदार पटेल को भी किया नमन
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने केंद्र शासित प्रदेश के रूप में जम्मू-कश्मीर के आठ वर्षों के सफर को विकास, शांति और प्रगति का काल बताया है। शनिवार को यूटी स्थापना दिवस के अवसर पर उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश के सभी नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के बाद उपराज्यपाल ने कहा कि आज पूरा देश लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में बड़े उत्साह के साथ मना रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर के सभी जिलों में यूटी स्थापना दिवस भी पूरे जोश और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। आज केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का आठवां स्थापना दिवस है।
पिछले आठ वर्षों का यह सफर सर्वांगीण विकास, स्थायी शांति और निरंतर प्रगति का गवाह रहा है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रदेशवासियों के उज्ज्वल और समृद्ध भविष्य की कामना करते हुए सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई दी।