अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। उपराज्यपाल ने वीरवार को बताया कि वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर चलाए गए देशव्यापी अभियान में जम्मू-कश्मीर के नागरिकों और युवाओं ने पूरे देश को प्रेरणा दी है। अभियान के चारों चरणों में जम्मू-कश्मीर ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। देश के टॉप-10 के सभी के सभी 10 जिले जम्मू-कश्मीर के ही रहे।
उपराज्यपाल श्रीनगर में काकिनी बिल्डिंग ह्यूमैनिटी की ओर से आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम अभियान के प्रथम चरण में देश के शीर्ष 10 जिलों में जम्मू-कश्मीर के नौ जिले शामिल रहे जिसमें किश्तवाड़ देश में पहले स्थान पर रहा। द्वितीय चरण में देश के टॉप-10 जिलों में प्रदेश के छह जिलों ने जगह बनाई और पुंछ जिला देश का नंबर एक जिला बना। शहीदी दिवस विशेष चरण (23 से 30 मार्च) में देश के शीर्ष 10 जिलों में जम्मू-कश्मीर के सात जिले शामिल रहे और पुंछ पुनः प्रथम स्थान पर कायम रहा। तृतीय चरण में जम्मू-कश्मीर ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया।
विरासत संरक्षण की उपलब्धियों का दिया ब्योरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में चल रहे विरासत संरक्षण कार्यों को रेखांकित करते हुए उपराज्यपाल ने बताया कि पहले दो चरणों में 106 विरासत परियोजनाओं पर काम शुरू किया गया था जिनमें से 40 से अधिक पूरी हो चुकी हैं। तीसरे चरण के तहत 321 परियोजनाओं की पहचान की गई है जिनमें से 312 को प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है। जम्मू और श्रीनगर अभिलेखागारों में ऐतिहासिक दस्तावेजों का डिजिटलीकरण तेजी से जारी है और अब तक करीब 96.8 लाख पृष्ठों का डिजिटलीकरण किया जा चुका है। मिशन ज्ञान भारतम के तहत सर्वेक्षण में 43,000 पांडुलिपियों की पहचान की गई है। श्रीनगर के सूफियाना स्कूल, जम्मू के अभिनव थिएटर व कला केंद्र के आधुनिकीकरण, मुबारक मंडी के जीर्णोद्धार और बारामूला में मिले कुषाणकालीन बौद्ध अवशेषों पर शोध कार्य प्रगति पर है।
नारानाग हेरिटेज कॉम्प्लेक्स और राजतरंगिणी का किया उल्लेख
गांदरबल स्थित ऐतिहासिक नारानाग हेरिटेज कॉम्प्लेक्स के संरक्षण पर चर्चा करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि यह स्थान आस्था, भूगोल और सामूहिक स्मृतियों का संगम है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासनिक अड़चनों को शीघ्र दूर कर सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी की जाएंगी। कल्हण की राजतरंगिणी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कश्मीर की धरती पर तिल मात्र भी ऐसी जगह नहीं है जो आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर न हो। साथ ही उन्होंने हरमुख-गंगबल तीर्थयात्रा को सहस्राब्दियों पुरानी आध्यात्मिक धारा का प्रतीक बताया। आचार्य अभिनव गुप्त का स्मरण करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि उन्होंने दर्शन, कला सौंदर्य और आध्यात्मिक अनुभूति के बीच कभी कोई विभाजन रेखा नहीं देखी। योगिनी लल्लेश्वरी और नंद ऋषि के वाख का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सर्वधर्म समभाव की इस परंपरा का संरक्षण निष्पक्षता, संवेदनशीलता और न्यायपूर्ण दृष्टिकोण के साथ किया जाना चाहिए।
समारोह में उन्होंने सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों के संगठन ‘काकिनी बिल्डिंग ह्यूमैनिटी’ (मेजर जनरल आरके रैना, कमांडर संजय कौल, डॉ. आंचल) की ओर से भारतीय विरासत संस्थान में चेयर स्थापित करने और पुरातत्व स्थलों पर काम कर रहे युवा शोधकर्ताओं की भी सराहना की।