अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। शहर के लाल चौक इलाके में आग लगने की एक घटना सामने आई। इससे लाला रुख होटल के पास एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान को आंशिक नुकसान पहुंचा। अधिकारियों ने बताया कि सबसे पहले दुकान से धुआं निकलता हुआ देखा गया जबकि आग की लपटें दिखाई नहीं दे रही थीं। इसके बाद अग्निशमन और आपातकालीन सेवा विभाग को तुरंत अलर्ट किया गया और उन्होंने फौरन कार्रवाई की।
दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और समय रहते स्थिति को काबू में कर लिया जिससे आग इस व्यस्त बाजार में आस-पास की दूसरी इमारतों तक फैलने से बच गई। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना पर तेजी से काबू पा लिया गया और किसी बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं है। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।