बारामुला। उत्तरी कश्मीर के बोनियार इलाके में लाचीपोरा वन्यजीव अभयारण्य के दजना क्षेत्र में वीरवार को भीषण आग लग गई। इस आग ने हरे-भरे पेड़ों और क्षेत्र में पाए जाने वाले दुर्लभ वन्यजीवों, खासकर हंगुल (कश्मीरी हिरण) और मार्खोर प्रजातियों को गंभीर खतरे में डाल दिया है।
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि आग की शुरुआत निजी जमीन पर हुई, जहां कुछ स्थानीय निवासियों ने अपने खेतों और चरागाहों में झाड़ियां और सूखी घास जलाई थी। इसके बाद आग तेजी से फैलकर लाचीपोरा वन्यजीव अभयारण्य के दजना और चारुख हिस्सों में प्रवेश कर गई।
वन्यजीव विभाग के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि सूचना मिलते ही वन्यजीव विभाग की टीमों ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर घटनास्थल की ओर रुख किया। हालांकि, पहाड़ी ढलानों से पत्थर गिरने के कारण टीमें तुरंत सटीक स्थान तक नहीं पहुंच सकीं, जिससे पहुंच में बाधा आई और सुरक्षा का भी खतरा पैदा हुआ।अधिकारी ने बताया कि कुछ इलाकों में आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन कुछ हिस्सों में अभी भी आग सक्रिय है। संवाद