- मरीज और तीमारदार हो रहे परेशान, घंटों कतार में खड़े रहना पड़ता है
संवाद न्यूज एजेंसी
कुलगाम। जिला अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में रोजाना काफी संख्या में मरीज पहुंचते हैं लेकिन पंजीकरण काउंटरों की संख्या कम होने के कारण उन्हें घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है। लोगों ने अस्पताल प्रशासन से काउंटर बढ़ाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों और मरीजों का कहना है कि सुबह से ही पंजीकरण काउंटरों पर भारी भीड़ जमा हो जाती है। बुजुर्गों, महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को भी अपनी बारी के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है। मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि लोगों को समय पर पर्ची मिल सके और इलाज में देरी न हो।
इस संबंध में जब जिला अस्पताल कुलगाम के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. सैयद मसूद ने कहा, हमारी कोशिश रहती है कि सभी मरीजों को समय पर सुविधा मिले। अस्पताल में व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है और किसी को अनावश्यक रूप से इंतजार नहीं करना पड़ता।
हालांकि मरीजों का कहना है कि जमीनी हकीकत कुछ और है और रोज काउंटरों पर लंबी कतार रहती है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त काउंटर खोले जाएं ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।