भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ताशी ग्यालसन खाचू और पार्षद रियाज़ अहमद ख़ान ने डीजी बीआरओ लेफ्टिनेंट जनरल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ताशी ग्यालसन खाचू एवं पार्षद रियाज़ अहमद खान ने डीजी बीआरओ से की मुलाकात
संवाद न्यूज एजेंसी
लेह। भारतीय जनता पार्टी लद्दाख के नेताओं ने सीमा सड़क संगठन के प्रमुख से मुलाकात कर कोरज़ोक-स्पीति सड़क के समयबद्ध निर्माण पर जोर देने के साथ ही बीआरओ की खरीद प्रक्रियाओं में स्थानीय लोगों व विक्रेताओं को प्राथमिकता देने की मांग की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ताशी ग्यालसन खाचू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बीआरओ के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह से नई दिल्ली में यह मुलाकात की।
बैठक में ताशी ग्यालसन खाचू ने लद्दाख के विकास से जुड़े मुद्दे उठाए और कोरज़ोक-स्पीति सड़क के निर्माण में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण में देरी से क्षेत्र के विकास पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है, जबकि यह सड़क रणनीतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस मामले पर एक विस्तृत ज्ञापन पहले ही सौंपा जा चुका है।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद कारगिल के नामित पार्षद एडवोकेट रियाज़ अहमद खान ने भी अपनी बात रखी। नेताओं ने स्पष्ट किया कि बीआरओ द्वारा की जाने वाली किसी भी खरीद में स्थानीय व्यवसायियों और श्रमिकों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए, ताकि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को बल मिले और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हों।