- जम्मू-कश्मीर बजट में मजबूत वित्तीय सहायता की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। कश्मीर ट्रेडर्स एंड मैन्युफैक्चरर्स फेडरेशन (केटीएमएफ) ने आगामी जम्मू-कश्मीर बजट से पहले सरकार को शुक्रवारकको एक व्यापक प्री-बजट सुझाव सौंपे हैं। इसमें व्यापार एवं खुदरा क्षेत्र के लिए तत्काल वित्तीय राहत तथा दीर्घकालिक संरचनात्मक सहायता की मांग की गई है।
केटीएमएफ कश्मीर के व्यापारियों का शीर्ष प्रतिनिधि संगठन है। ये सुझाव केटीएमएफ अध्यक्ष मोहम्मद यासीन खान, वरिष्ठ व्यापारी नेता काजी तौसीफ और बशीर अहमद राथर की मौजूदगी में सौंपे गए। उन्होंने संघ राज्य क्षेत्र भर के व्यापारिक समुदाय की सामूहिक चिंताओं को दोहराया। केटीएमएफ ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में सबसे बड़े रोजगार सृजनकर्ता व्यापार एवं खुदरा क्षेत्र लगातार तरलता की कमी, उच्च परिचालन लागत, नियामक अनिश्चितताओं और लंबे मौसमी मंदी के कारण गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है जिससे हजारों छोटे-मध्यम व्यापारी प्रभावित हो रहे हैं।
फेडरेशन ने कार्यशील पूंजी ऋणों, नकद साख और ओवरड्राफ्ट सुविधाओं पर ब्याज सब्सिडी की मांग की है तथा सरकार से बैंकों को निर्देश देने का आग्रह किया कि वे सुगम ऋण प्रवाह सुनिश्चित करें, उचित संपार्श्विक मानदंड अपनाएं और वास्तविक व्यापार खातों की मनमानी डाउनग्रेडिंग से बचें। केटीएमएफ ने व्यापारी-अनुकूल वन-टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना शुरू करने तथा तनावग्रस्त लेकिन सच्चे उधारकर्ताओं के खिलाफ दबावपूर्ण वसूली रोकने की भी मांग की।