श्रीनगर में पुरस्कार प्राप्त कारीगरों के सम्मान के दौरान जदीबल विधायक तनवीर सादिक व अन्य। संवाद
श्रीनगर। कश्मीर के हस्तशिल्प एवं हथकरघा विभाग ने सोमवार को अपने चार प्रसिद्ध कारीगरों का सम्मान किया। इन्हें हाल ही में नई दिल्ली में भारत के राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार और उत्कृष्टता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए थे।
जदीबल के विधायक तनवीर सादिक ने बाग-ए-अली मरदान खान स्थित आईआईसीटी परिसर में आयोजित भव्य समारोह में पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को उत्कृष्टता प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए। सम्मानित कारीगरों में कार्पेट बुनाई के लिए मंजूर अहमद खान, सोजनी कढ़ाई के लिए ख्वाजा नजीर अली, पेपर माचे के लिए मीर अरशद हुसैन और सोजनी कढ़ाई के लिए मशकूरा बेगम शामिल हैं।
इस अवसर पर हस्तशिल्प एवं हथकरघा विभाग के निदेशक मुसर्रत इस्लाम, आईआईसीटी के निदेशक जुबैर अहमद, संयुक्त निदेशक हस्तशिल्प दीबा खालिद तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इसके अलावा 2024 के केंद्र शासित प्रदेश पुरस्कार प्राप्तकर्ता भी मौजूद रहे। अपने संबोधन में तनवीर सादिक ने विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने कश्मीर के प्रसिद्ध हस्तशिल्प क्षेत्र के लिए गौरव प्राप्त किया है। संवाद