- हस्तशिल्प विभाग 20 व 21 दिसंबर को करेगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। घाटी 21 दिसंबर से शुरू होने वाले 40 दिन के चिल्ले-कलां की तैयारी कर रही है। इसी के चलते कश्मीरी हस्तशिल्प और हथकरघा विभाग 20 और 21 दिसंबर को जश्न-ए-चिल्ले-कलां आयोजित करेगा। अधिकारियाें ने बताया कि यह कश्मीरी विरासत का एक जीवंत उत्सव है और फिरन दिवस के साथ 21 दिसंबर को मेल खाता है।
यह दो दिवसीय कार्यक्रम श्रीनगर के कश्मीर हाट में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के दौरान विशेष स्टाल होंगे जो बेहतरीन कश्मीरी हस्तशिल्प प्रदर्शित करेंगे। इसमें पारंपरिक जरी-कढ़ाई और आरी की कढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा जो कश्मीरी संस्कृति के शाश्वत प्रतीक हैं।
इस कार्यक्रम में घाटी भर से प्रसिद्ध कारीगरों को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है जिनमें लाइव प्रदर्शन, हस्त-कढ़ाई वाले फेरान, पश्मीना शाल और अन्य शीतकालीन वस्त्रों की प्रदर्शनी शामिल है। इससे आगंतुकों को इन कुशल कारीगरों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।
प्रवक्ता ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य कठोरतम सर्दियों के दौरान कश्मीरी परंपराओं की मजबूती को उजागर करना है जबकि फेरान की गर्मी और शालीनता को भी बढ़ावा देना है जो कश्मीर का विशेष ढीला-ढाला वस्त्र है और कड़ाके की सर्दी में आराम प्रदान करता है।