संवाद न्यूज एजेंसी
कुपवाड़ा। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कुपवाड़ा पुलिस को शनिवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सीमावर्ती करनाह तहसील के अमरोही इलाके में चलाए गए एक विशेष घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान लगभग 827 ग्राम हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की अनुमानित कीमत करीब छह करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान अमरोही, करनाह निवासी जमीर अहमद तुंच के कब्जे वाले रिहायशी परिसर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वहां से एक काले रंग का पॉलीथीन बैग बरामद हुआ, जिसके भीतर यह संदिग्ध नशीला पदार्थ छिपाकर रखा गया था।
इस संबंध में पुलिस थाना करनाह में स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। जांच शुरू कर दी गई है।