संवाद न्यूज एजेंसी
कुलगाम। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित नाईपोरा में सोमवार को कार की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। नाईपोरा में रहने वाले बुजुर्ग काम के सिलसिले से पैदल जा रहे थे कि अचानक पीछे से तेज गति से आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। लोग मौके पर जमा हो गए और घायल को इलाज के लिए प्राइमरी हेल्थ सेंटर (पीएचसी) वेस्सू पहुंचाया। यहां डाॅक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जीएमसी अनंतनाग रेफर कर दिया। वहां बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अब्दुल अहमद खांडे निवासी नाईपोरा काजीगुंड के रूप में हुई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो घंटे में कार ट्रेस कर चालक को दबोचा
पुलिस ने दो घंटे के अंदर हिट एंड रन का मामला सुलझा लिया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज हासिल की। फुटेज की मदद से हादसे के लिए जिम्मेदार कार की पहचान कर उसे जब्त कर लिया। आरोपी कार चालक की पहचान शेख बुरहान तारिक निवासी काजीगुंड के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। संवाद