गांदरबल/लेह। सोनमर्ग में हुई भारी बर्फबारी के बाद बंद हुआ जोजिला मार्ग सोमवार को आंशिक रूप से खोल दिया गया। हल्के वाहनों को गुजरने की अनुमति दी गई। ट्रैफिक पुलिस ने पुष्टि कि श्रीनगर-लेह हाईवे हल्के मोटर वाहनों की एकतरफा आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया है।
सोमवार की दोपहर से सोनमर्ग से कारगिल की ओर ट्रैफिक की अनुमति दे दी गई। यह फैसला मौसम की स्थिति में सुधार और जोजिला मार्ग से बर्फ हटाने के काम के पूरा होने के बाद लिया गया है। यह मार्ग कश्मीर और लद्दाख के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करता है इसलिए इसका फिर से खुलना बहुत अहम है। 19 मार्च से इसके बंद होने के कारण सैकड़ों यात्री और मालवाहक वाहन दोनों तरफ फंसे हुए थे। अधिकारियों के मुताबिक सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की ओर से हाईवे के दोनों छोर से बर्फ हटाने के बाद मंजूरी मिलने पर सड़क को सीमित ट्रैफिक के लिए खोला गया।
एक ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हल्के मोटर वाहनों जिनमें यात्री और टाटा मोबाइल वाहन शामिल हैं को दोपहर 2 बजे से सोनमर्ग से कारगिल की ओर भेजा गया। मौजूदा मौसम की स्थिति और जोजिला मार्ग पर हिमस्खलन के जोखिम के कारण भारी वाहनों और मालवाहक गाड़ियों को अब तक गुजरने की अनुमति नहीं दी गई है। अधिकारी ने कहा कि स्थिति में सुधार होने पर एक अलग एडवाइजरी जारी की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि चालकों को सलाह दी गई है कि वे इस मार्ग पर यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और ताजा जानकारी प्राप्त करें। अधिकारियों ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। ट्रैफिक की पूरी बहाली के संबंध में आगे के फैसले मौसम और सुरक्षा के आकलन के आधार पर लिए जाएंगे।