कुपवाड़ा में जेल जाने से पहले सांसद इंजीनियर रशीद। संवाद
- सैकड़ों समर्थकों ने दी भावुक विदाई, नारेबाजी के बीच रवाना हुए दिल्ली
- पिता के अंतिम संस्कार के लिए मिली थी जमानत, अवधि पूरी होने पर किया सरेंडर
संवाद न्यूज एजेंसी
बारामुला। बारामुला के सांसद इंजीनियर रशीद मंगलवार को अंतरिम जमानत खत्म होने के बाद अपने गृह क्षेत्र लंगेट से दिल्ली की तिहाड़ जेल के लिए रवाना हो गए। रशीद के रवाना होते समय सैकड़ों समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता जमा हो गए। पूरे इलाके में भावुक माहौल रहा। लोग उनके साथ-साथ चले और समर्थन में नारेबाजी की।
कई समर्थकों ने एकजुटता दिखाई और उनके लिए दुआएं कीं। गौरतलब है कि दिल्ली हाईकोर्ट ने इंजीनियर रशीद को पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत दी थी। तय अवधि पूरी होने के बाद वह जेल अधिकारियों के सामने सरेंडर करने दिल्ली चले गए। समर्थकों ने इसे उत्तर कश्मीर के लोगों के लिए भावुक पल बताया।
वहीं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उन्हें विदा करने और उनकी सलामती की दुआ करने के लिए इकट्ठा हुए। विदाई सभा से साफ दिखा कि लंगेट समेत उत्तर कश्मीर के कई इलाकों में इंजीनियर का मजबूत जनाधार बरकरार है।