- अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय वुशु चैंपियनशिप में रोमांचक मुकाबले जारी
श्रीनगर। शहर के शेर-ए-कश्मीर इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय वुशु चैंपियनशिप 2026 में शनिवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। रांची यूनिवर्सिटी की आस्था ने ताओलू में दोहरा स्वर्ण जीता। वहीं वैलेंटिना, नेल्सन और नगाम्बा को भी गोल्ड मेडल हासिल हुआ।
इस चैंपियनशिप का आयोजन कश्मीर विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा और खेल निदेशालय की ओर से एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज के तत्वावधान में किया जा रहा है। शनिवार को सांडा के कई भार श्रेणियों में 200 से ज्यादा मुकाबले हुए। इनमें पुरुषों और महिलाओं दोनों वर्गों में 80 किलोग्राम से कम, 85 किलोग्राम से कम, 90 किलोग्राम से कम, 100 किलोग्राम से कम और 100 किलोग्राम से ज्यादा भार वर्ग शामिल थे। इन मुकाबलों में तेज रफ्तार एक्शन, तकनीकी कौशल और कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इन मुकाबलों में सफल रहे खिलाड़ी अब क्वार्टर फाइनल चरण में पहुंच गए हैं जो चैंपियनशिप के आखिरी दिन होगा।
वहीं ताओलू प्रतियोगिताएं भी लोगों का ध्यान खींचती रहीं। इसमें प्रतिभागियों ने अपनी सटीकता, संतुलन, फुर्ती और पारंपरिक हथियारों के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया। नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के खिलाड़ियों ने ताओलू वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया जिसकी दर्शकों और अधिकारियों ने खूब सराहना की।
शनिवार को ताओलू एकल नियमित स्पर्धा नानगुन (महिला) वर्ग में मणिपुर विश्वविद्यालय की वैलेंटिना ने स्वर्ण पदक, रांची विश्वविद्यालय की अंजना कुमारी ने रजत पदक और डॉ. एमजीआर मेडिकल यूनिवर्सिटी तमिलनाडु की वेदा सुरथी ने कांस्य पदक जीता।
ताओलू सिंगल रेगुलर इवेंट गुंशु (महिला) वर्ग में रांची यूनिवर्सिटी की आस्था ओरानल ने स्वर्ण पदक, भारती विद्यापीठ की श्रेया ने रजत पदक और गोंडवाना यूनिवर्सिटी की प्राची ने कांस्य पदक जीता।
ताओलू सिंगल रेगुलर इवेंट दाओशु (महिला) वर्ग में रांची यूनिवर्सिटी की आस्था ओरानल ने स्वर्ण पदक, भारती विद्यापीठ की श्रेया ने रजत पदक और रांची यूनिवर्सिटी की तनु कुमारी ने कांस्य पदक जीता।
ताओलू सिंगल रेगुलर इवेंट कियानशु (पुरुष) वर्ग में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के नेल्सन ने स्वर्ण पदक, राजस्थान यूनिवर्सिटी के भानु प्रताप ने रजत पदक और पारुल यूनिवर्सिटी के शिवम ने कांस्य पदक जीता।
ताओलू सिंगल रेगुलर इवेंट ताइजिजियन (पुरुष) वर्ग में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के नगाम्बा ने स्वर्ण पदक, मणिपुर यूनिवर्सिटी के भुमेश्वर वाहेनगबम ने रजत पदक और पारुल यूनिवर्सिटी के एल प्लेटो दीप ने कांस्य पदक जीता।