अनंतनाग। पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने अनंतनाग के सिरहामा-श्रीगुफारा क्षेत्र का दौरा कर हाल ही में बादल फटने से प्रभावित परिवारों और बागवानों से मुलाकात की। उन्होंने प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनीं और नुकसान का जायजा लिया।
इस दौरान इल्तिजा ने सरकार से मांग की कि क्षेत्र में बहने वाले नाले को स्थायी रूप से कंक्रीट किया जाए ताकि भविष्य में होने वाली बाढ़ और बादल फटने जैसी घटनाओं से लोगों की जान-माल और बागानों को होने वाले नुकसान को रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि सिरहामा क्षेत्र के लोग बार-बार प्राकृतिक आपदाओं का सामना कर रहे हैं और सरकार को अब अस्थायी उपायों के बजाय स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाने चाहिए। इल्तिजा ने प्रभावित परिवारों को आश्वासन दिया कि वह इस मुद्दे को संबंधित अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाएंगी और क्षेत्र के लिए स्थायी बाढ़ सुरक्षा चैनल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगी।
स्थानीय लोगों और बागवानों ने भी अपने नुकसान और समस्याओं से उन्हें अवगत कराया तथा शीघ्र राहत और सुरक्षा उपायों की मांग की। संवाद