श्रीनगर। इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) ने जनवरी 2026 सत्र के लिए ओपन डिस्टेंस लर्निंग और ऑनलाइन लर्निंग कार्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 28 फरवरी 2026 कर दी है। यह निर्णय देशभर के विद्यार्थियों से प्राप्त अनुरोधों के बाद लिया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह विस्तार उन इच्छुक छात्रों को अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया है जो निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके थे। इसके साथ ही जनवरी 2026 सत्र के लिए री-रजिस्ट्रेशन (पुनः पंजीकरण) की अंतिम तिथि भी 28 फरवरी तक बढ़ा दी गई है। हालांकि दोबारा पंजीकरण करने वाले छात्रों को 200 रुपये लेट फीस जमा करनी होगी।
आईजीएनओयू ने इस प्रवेश चक्र में स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और प्रमाणपत्र स्तर पर लगभग 60 नए कार्यक्रम शुरू किए हैं जिससे विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक विकल्पों में और अधिक विस्तार हुआ है। विश्वविद्यालय ने छात्रों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से प्रवेश या पुन: पंजीकरण सुनिश्चित करें। संवाद