- स्वास्थ्य मंत्री सकीना इत्तू ने अजमेर से शुरू हुए कैंपेन में ऑनलाइन लिया हिस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। 14 साल की किशोरियों के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण का शुभारंभ शनिवार किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर में राष्ट्रीय स्तर पर अभियान की शुरुआत की। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री सकीना इत्तू ने वर्चुअली हिस्सा लिया। इसके साथ ही कश्मीर के सभी जिलों में उपायुक्तों ने इसका उद्घाटन किया।
यह सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ भारत की लड़ाई में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। कुलगाम में वर्चुअल लॉन्च सेरेमनी के मौके पर सकीना इत्तू ने कहा, यह कैंपेन प्रिवेंटिव हेल्थकेयर सर्विसेज को मजबूत करने और छोटी लड़कियों की हेल्थ की सुरक्षा की दिशा में एक अहम कदम है। सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में कैंसर से जुड़ी बीमारियों के मुख्य कारणों में से एक है और यह कैंपेन इस बीमारी के मामलों को काफी कम कर सकता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और रोकथाम वाले हेल्थकेयर सिस्टम को मजबूत करने के सरकार के वादे को भी दोहराया। उन्होंने कहा, कुलगाम में इस अभियान के तहत 5,000 से अधिक लाभार्थियों को कवर किया जाएगा। पूरे केंद्र शासित प्रदेश में लगभग 1,35,000 लाभार्थियों को लक्षित किया गया है। जम्मू-कश्मीर में कुल 192 टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं जिनमें 11 सरकारी मेडिकल कॉलेज और 142 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।
देशभर में हर साल 80,000 से अधिक महिलाएं इस बीमारी से प्रभावित होती हैं और लगभग 40,000 महिलाओं की मृत्यु हो जाती है। यदि 14 वर्ष तक की आयु की लड़कियों का समय पर टीकाकरण किया जाए तो हर वर्ष हजारों कीमती जानें बचाई जा सकती हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे आगे आकर अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करें। बाद में मंत्री ने जिला अस्पताल कुलगाम में हाई डिपेंडेंसी यूनिट का भी उद्घाटन किया, जिससे जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी।
श्रीनगर के यूपीएचसी बटमालू शनिवार को टीकाकरण का शुभारंभ उपायुक्त अक्षय लाबरू ने किया। इस दौरान सीएमओ डॉ. ताहिर सज्जाद, डीएचओ डॉ. रुबीना, जोनल अफसर बटमालू डॉ. समीना आदि मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में करीब 13,700 एचपीवी डोज का इंतजाम किया गया है।
बांदीपोरा में टीकाकरण अभियान शुरुआत मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने की। कुपवाड़ा में टीकारण उपायुक्त श्रीकांत सुसे ने उपजिला अस्पताल कुपवाड़ा में किया। उन्होंने बताया कि यह अभियान अगले तीन महीने तक चलाया जाएगा। यह ड्राइव शुरू में सभी ब्लॉक हेडक्वार्टर पर शुरू की जाएगी और बाद में जिले के सभी 38 कोल्ड चेन पॉइंट तक बढ़ा दी जाएगी। इसके अलावा कश्मीर के गांदरबल, बारामुला, सोपोर, पुलवामा सहित सभी जिलों में भी अधिकारियों ने इसका शुभारंभ किया।