श्रीनगर। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक पात्र लाभार्थी को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत कवर करने के उद्देश्य से मंगलवार को हारवन ब्लॉक स्थित नयाबत कार्यालय में एक मेगा जागरूकता शिविर आयोजित किया। यह जागरूकता कार्यक्रम ब्लॉक डेवलपमेंट कार्यालय हरवन की ओर से जिला प्रशासन श्रीनगर के सहयोग से आयोजित किया गया जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त अक्षय लाबरू ने की। शिविर का मुख्य फोकस छूट गए पात्र नागरिकों की पहचान करना, मौके पर ही सुविधा प्रदान करना, समयबद्ध दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करना और विभागीय काउंटरों तथा सीएससी के माध्यम से तत्काल पंजीकरण कराना था ताकि विभिन्न विभागों की प्रमुख योजनाओं की 100 प्रतिशत कवरेज और अंतिम छोर तक पहुंच सुनिश्चित हो सके। शिविर में हरवन, फकीर गुजरी, दारा, सैयदपोरा और आसपास के अन्य गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। संवाद