बांदीपोरा। जिले के हाजिन स्थित सरकारी अस्पताल की इमारत में मंगलवार को आग लग गई। हालांकि, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, हाजिन फायर स्टेशन को शाम 5:45 बजे अस्पताल में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी 5:46 बजे रवाना हुए और महज पांच मिनट के भीतर यानी शाम 5:51 बजे घटनास्थल पर पहुंच गए।
अग्निशमन विभाग के प्रभारी हाजिन ने बताया कि आग तीन मंजिला पक्की अस्पताल इमारत की पहली मंजिल पर स्थित आयुष्मान भारत कार्यालय के कमरे में लगी थी। दमकल कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आग को तुरंत नियंत्रित कर लिया जिससे आग इमारत के अन्य हिस्सों या वार्डों में नहीं फैल सकी और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई।