कुलगाम। जिले के बुगाम इलाके में शुक्रवार की शाम हुई तेज ओलावृष्टि ने सेब बागों और बागवानी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों का अनुमान है कि खड़ी फसल का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा बर्बाद हो गया है जिससे सैकड़ों परिवारों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय निवासियों और बाग मालिकों के अनुसार ओलावृष्टि थोड़े समय तक चली लेकिन इतनी तेज थी कि फलदार पेड़ों और बागवानी उत्पाद को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। बागवानी ही इस इलाके के सैकड़ों परिवारों की आय का मुख्य जरिया है। किसानों ने चिंता जताई कि इस नुकसान से उनकी इस सीजन की कमाई पर बड़ा असर पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से नुकसान के आकलन के लिए तुरंत टीम भेजने की अपील की है। वहीं कई बागवानों ने कहा हमें बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। सरकार को मौके पर आकर नुकसान का आकलन करना चाहिए और प्रभावित बागवानों को मुआवजा देना चाहिए।
बागवानों को फसल बीमा से वित्तीय सुरक्षा मिलेगी
स्थानीय लोगों ने फसल बीमा योजनाओं को लागू करने और उनका दायरा बढ़ाने की भी मांग की। उनका कहना है कि बार-बार आने वाली मौसम संबंधी आपदाओं ने खेती को बेहद जोखिम भरा बना दिया है। ओलावृष्टि, बेमौसम बारिश और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से नुकसान झेल रहे बागवानों को फसल बीमा से वित्तीय सुरक्षा मिलेगी। बागवानों ने चेताया कि लगातार पड़ रहे मौसम के कहर से बागवानी क्षेत्र पर गंभीर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। बागवानी कश्मीर की ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अहम आधार है ऐसे में राहत की मांग तेज हो गई है।