अनंतनाग की रहने वाली हफीजा बेगम। संवाद
- फोटो : संस्थान
- बोलीं-प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर मिलने से उनका जीवन बदल गया
संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। जिले की 85 वर्षीय हफीजा बेगम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिलने पर भावुक होकर सरकार के प्रति आभार सोमवार को व्यक्त किया। भावुक होते हुए उन्होंने कहा, मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हमेशा स्वस्थ और खुश रखे। मैं उनके लिए हमेशा दुआ करती हूं। अगर मोदी जी नहीं होते तो मेरा यह सपना कभी पूरा नहीं होता।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर मिलने से उनका जीवन बदल गया है। अब वह सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रही हैं। हफीजा बेगम की आंखों में खुशी के आंसू थे और चेहरे पर संतोष झलक रहा था। उन्होंने कहा कि वर्षों से वह कच्चे और जर्जर मकान में रहने को मजबूर थीं जिससे उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्का घर मिलने से उनका सपना साकार हो गया है।
उन्होंने सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह घर उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। अब उन्हें बारिश, ठंड और गर्मी से राहत मिलेगी। प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए एक बड़ी राहत साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से हजारों परिवारों को सम्मानजनक और सुरक्षित आवास मिल रहा है।
स्थानीय लोगों ने भी सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना समाज के कमजोर वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है और लोगों के सपनों को साकार कर रही है।