एडी टूरिज्म गुलमर्ग ताहिर मोहिउद्दीन। संवाद
- गुलमर्ग के एडी ने की टूरिस्ट गाइड लाइसेंसिंग व्यवस्था में सुधार की पहल
संवाद न्यूज एजेंसी
बारामुला। एडी टूरिज्म कार्यालय गुलमर्ग की ओर से वैली गाइड लाइसेंस धारकों को टूरिस्ट गाइड श्रेणी में परिवर्तित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पहले चरण में 77 वैली गाइडों की सूची जारी की गई है जिन्हें टूरिस्ट गाइड श्रेणी में शामिल किया जाएगा।
यह पहल एडी टूरिज्म गुलमर्ग ताहिर मोहिउद्दीन वानी के पद संभालने के बाद शुरू की गई। उनके नेतृत्व में जम्मू कश्मीर टूरिस्ट ट्रेड एक्ट के तहत पंजीकृत सेवा प्रदान करने वालों की दोबारा जांच की गई। जांच में मृत व्यक्तियों के नाम पर पंजीकरण, सरकारी कर्मचारियों के नाम पर लाइसेंस और एक ही व्यक्ति के कई पंजीकरण जैसे मामले सामने आए।
जांच के बाद अयोग्य पंजीकरणों को नियमों के अनुसार रद्द किया गया था। इसके चलते टूरिस्ट गाइड श्रेणी में खाली हुई 77 सीटों पर पात्र वैली गाइड लाइसेंस वालों को रूपांतरित करने की पहली सूची जारी की गई है।
अधिकारियों के अनुसार पात्रता मानदंड के आधार पर सूची तैयार की गई है। शैक्षणिक योग्यता, आयु और अनुभव को देखा गया है ताकि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रिक्तियों की उपलब्धता के अनुसार अन्य सूचियां भी जारी की जा सकती है। यह पहल गुलमर्ग में गाइडिंग सेवाओं को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।