श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने रुहुल्ला मेहदी और बारामुला के सांसद इंजीनियर रशीद सहित अन्य नेताओं के साथ किसी भी तरह के नए राजनीतिक गठबंधन की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें पूरी तरह से मनगढ़ंत और भ्रामक करार दिया है।
सोशल मीडिया और समाचार चैनलों पर प्रसारित हो रही अपुष्ट जानकारियों पर चिंता व्यक्त करते हुए आजाद ने कहा कि झूठे दावों को तथ्यों के रूप में पेश किया जा रहा है और फिर उन पर नेताओं से प्रतिक्रियाएं मांगी जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछले दो दिनों से उन्हें ऐसे कई संदेश और रिकॉर्डिंग मिल रही हैं जिनमें पूछा जा रहा है कि क्या वह किसी अन्य नेता के साथ मिलकर नई पार्टी बना रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि इन बातों में कोई दम नहीं है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने साफ तौर पर कहा कि उन्होंने किसी भी राजनीतिक दल या नेता के साथ गठबंधन अथवा नए संगठन के गठन को लेकर कोई बातचीत शुरू नहीं की है और न ही किसी ने इस संबंध में उनसे संपर्क किया है। राजनीतिक सलाह-मशविरे के लिए उनके कश्मीर पहुंचने की खबरों को भी नकारते हुए आजाद ने कहा कि वह इस समय नई दिल्ली में मौजूद हैं और उनका अभी जम्मू या कश्मीर जाने का कोई तय कार्यक्रम भी नहीं है।
इसके साथ ही उन्होंने आगामी संसदीय चुनाव लड़ने की अटकलों को भी पूरी तरह तथ्यहीन बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभिन्न नेताओं से सामान्य बातचीत का यह कतई मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए कि कोई राजनीतिक गठबंधन तैयार किया जा रहा है। उन्होंने मीडिया संस्थानों से भी अपील की कि वे अफवाहों के आधार पर गैर-जरूरी नैरेटिव गढ़ने के बजाय जिम्मेदारी दिखाएं और खबरों की सत्यता की पुष्टि के बाद ही उन्हें प्रसारित करें।