- अदालत के निर्देश का अनंतनाग पुलिस ने किया पालन, एनडीपीएस एक्ट के मामले में आरोपी को मिली है जमानत, अब हर गतिविधि पर रहेगी नजर
अनंतनाग। नशे के खिलाफ अभियान को और मजबूत करते हुए अनंतनाग पुलिस ने एक अहम कदम उठाया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में जमानत पर रिहा हुए एक आरोपी की निगरानी के लिए उसके पैर में जीपीएस आधारित ट्रैकिंग एंकलेट (डिवाइस) लगाया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी फैयाज अहमद डार निवासी जालदूरा डोरू को अदालत से जमानत मिली थी। अदालत के निर्देशों का पालन करते हुए पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए यह इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लगाया है।
यह जीपीएस एंकलेट एक विशेष प्रकार का पहनने योग्य उपकरण है जिसे आरोपी के टखने में लगाया जाता है। इसके माध्यम से आरोपी की लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा सकती है। यह सुनिश्चित किया जाता है कि वह अदालत की ओर से तय की गई शर्तों का पालन कर रहा है या नहीं।
आरोपी के खिलाफ थाना डोरू में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज है। अनंतनाग पुलिस का कहना है कि इस पहल से आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा। साथ ही, आदतन नशा तस्करों पर कड़ी निगरानी रखकर कानून के पालन को सुनिश्चित किया जाएगा। संवाद