- फैमिली अडॉप्शन प्रोग्राम के तहत जीएमसी श्रीनगर के 180 छात्रों की रही सक्रिय भागीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग ने फैमिली अडॉप्शन प्रोग्राम के तहत नूराबाग क्षेत्र में वीरवार को पौधारोपण और सफाई अभियान चलाया। इसमें रोटरी क्लब ऑफ कश्मीर, ईएसआरएजी और कश्मीर कंसर्न का सहयोग भी उन्हें मिला।
अभियान में जीएमसी श्रीनगर के करीब 180 एमबीबीएस छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उनके साथ स्थानीय सरपंचों, नंबरदारों और स्वयंसेवकों की भी बड़ी संख्या मौजूद रही। सभी ने मिलकर क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया और बड़ी संख्या में पौधे लगाए। अभियान का उद्देश्य नूरबाग के पर्यावरण को बेहतर बनाना और लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना था। छात्रों और स्वयंसेवकों ने मिलकर विभिन्न स्थानों से कचरा हटाया और हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण किया।
रोटरी क्लब ऑफ कश्मीर, ईएसआरएजी और कश्मीर कंसर्न के प्रतिनिधियों ने छात्रों के उत्साह और स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना की। स्थानीय प्रतिनिधियों ने भी इस पहल के लिए आभार जताया।