अनंतनाग। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अनंतनाग के रेजिडेंट डॉक्टरों के चरणबद्ध विरोध प्रदर्शन की सूचना पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। प्रिंसिपल प्रोफेसर (डॉ.) जुनैद एस. वानी ने शनिवार को परिपत्र जारी कर स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाएं एस्मा के अंतर्गत आती हैं और इनमें व्यवधान डालने पर सख्त कार्रवाई होगी।
आदेश के अनुसार, हड़ताल में शामिल होने या उकसाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी और एनएमसी नियमों के तहत अनुपस्थिति के दिनों के बराबर कोर्स की अवधि बढ़ा दी जाएगी। प्रिंसिपल ने सभी विभागाध्यक्षों को रेजिडेंट्स की व्यक्तिगत मैनुअल उपस्थिति दर्ज करने तथा इमरजेंसी, ओपीडी और आईसीयू सेवाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।