गांदरबल में एंबुलेंस को दिखाई हरी झंडी। स्रोत प्रशासन
गांदरबल। उपायुक्त जतिन किशोर ने बुधवार को श्रीनगर रिंग रोड फेज-2 और 2ए पर तैनाती के लिए एक बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस का उद्घाटन किया। उन्होंने इसे हरी झंडी दिखाई। सड़क सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से उपलब्ध कराई गई यह एंबुलेंस, रिंग रोड फेज 2 और 2ए परियोजनाओं के साथ तैनात की जाएगी ताकि सुंबल से वायिल और वायिल से पंडाच तक के रास्ते पर तत्काल चिकित्सा सहायता सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों के मामले में तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करना है जिससे मरीजों को समय पर सहायता पहुंचाई जा सके। यह सेवा यात्रियों की जरूरतों को पूरा करने के लिए चौबीसों घंटे काम करेगी। एंबुलेंस आवश्यक जीवन रक्षक सुविधाओं से सुसज्जित है। इसमें गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए ऑक्सीजन सहायता, इंट्रावीनस तरल पदार्थ और दर्द, मतली तथा अन्य आपातकालीन स्थितियों को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक आपातकालीन दवाएं शामिल हैं। इसमें चोटों की मौके पर ही देखभाल के लिए सुसज्जित प्राथमिक चिकित्सा किट भी है। संवाद