पुलवामा। पुलिस ने चोरी के एक मामले को कुछ ही घंटों में सुलझाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चोरी की गई नकदी, गहने और जरूरी दस्तावेज भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस थाना लिटर में वीरवार को एफआईआर दर्ज की गई।
शिकायतकर्ता गुलशन अख्तर पत्नी बशीर अहमद वानी निवासी मुरन, पुलवामा ने बताया कि वह टवेरा गाड़ी से पुलवामा से नैना बटपोरा जा रही थीं। इसी दौरान गाड़ी से उनकी नकदी और कीमती सामान चोरी हो गया। शिकायत मिलते ही थाना लिटर की पुलिस हरकत में आई और नैना बटपोरा में तुरंत ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने चार आरोपियों के कब्जे से 10,160 रुपये नकद, दो अंगूठियां, एक तांबे का कड़ा, एक एटीएम कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान फिरदौस अहमद शेख निवासी पालपोरा परिम्पोरा श्रीनगर, सिकंदर अहमद शेख नूरबाग श्रीनगर, तनवीरा और फातिमा के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।