- बडगाम पुलिस ने नशीली दवाएं और नकद राशि बरामद की
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। बडगाम पुलिस ने नशा तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ जारी अभियान के तहत अलग-अलग कार्रवाइयों में नशा तस्करी के एक और जुए के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस स्टेशन मगाम की टीम ने रेलवे लिंक रोड मझामा पर नियमित गश्त के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से नशीली दवा की 13 बिना लेबल वाली बोतलें बरामद की गईं जबकि चालक की व्यक्तिगत तलाशी से नशीली दवा की सात स्ट्रिप गोलियां भी बरामद हुईं। आरोपी की पहचान एजाज अहमद शेख निवासी कनीहामा के रूप में हुई है, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
एक अन्य कार्रवाई में विशेष सूचना के आधार पर पुलिस स्टेशन बडगाम की टीम ने ओमपोरा रेलवे क्रॉसिंग के पास एक जुए के अड्डे पर छापा मारा। इस दौरान तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 4,600 रुपये और ताश के पत्ते बरामद किए गए। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान फैयाज अहमद भट, राकिब अहमद गनी और अब्दुल हमीद हाजम, सभी निवासी ओमपोरा, बडगाम के रूप में हुई है।