- श्रीनगर में दृष्टिबाधित एवं श्रवणबाधित बच्चों के लिए स्कूल बनाया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। श्रीनगर में कश्मीर संभाग का पहला अत्याधुनिक स्कूल दिव्यांग बच्चों के लिए बनने जा रहा है। उपायुक्त श्रीनगर अक्षय लाबरू ने कहा कि अभिनंदन स्कूल दृष्टिबाधित एवं श्रवणबाधित बच्चों के लिए बनाया जा रहा है। यह कश्मीर संभाग के सभी विशेष रूप से सक्षम बच्चों की जरूरतों को पूरा करेगा।
जिले में समाज कल्याण विभाग महत्वपूर्ण परियोजनाओं को लागू कर रहा है जिनमें पलाश एवं परिशा विशेष स्कूल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हालिया अपग्रेडेशन से शिक्षा, खेल एवं स्वास्थ्य शिविरों से जुड़ी जरूरतों को संबोधित किया गया है। उन्होंने अभिनंदन स्कूल को श्रीनगर के लिए बड़ा एवं विशेष प्रोजेक्ट बताया।
लाबरू ने कहा कि सभी संबंधित विभाग समयबद्ध परियोजना पूरा होने को सुनिश्चित करने के लिए समन्वय से काम कर रहे हैं। इनमें आरएंडबी, बिजली, जल, राजस्व, पुलिस, योजना एवं समाज कल्याण विभाग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि परियोजना की समय-सीमा 2027 है लेकिन गुणवत्ता पर पूरा ध्यान देते हुए इसे निर्धारित समय से पहले पूरा करने के प्रयास जारी हैं। 2026 की प्राथमिकताओं के बारे में बात करते हुए उपायुक्त ने कहा कि श्रीनगर में सभी स्वीकृत परियोजनाओं को पूरा करने पर फोकस रहेगा।
उन्होंने कहा कि स्वीकृत फंड वाली परियोजनाओं को बीच में नहीं रोका जाना चाहिए। उन्होंने अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी, बुनियादी ढांचे के कार्यों को पूरा करने, ट्रैफिक जाम कम करने तथा अतिक्रमण रहित भूमि के इष्टतम उपयोग पर जोर दिया।
लाबरू ने श्रीनगर शहर में बढ़ रही आग लगने की घटनाओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने लोगों से प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा सलाह का पालन करने की अपील की। उन्होंने स्थानीय निवासियों से बिजली के उपकरणों का ऑडिट कराने तथा उपयोग के अनुसार बिजली लोड सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बिजली उपकरणों के लापरवाहीपूर्ण उपयोग के खिलाफ चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि घरों के पास सूखी घास रखना आग के जोखिम को बढ़ाता है। उन्होंने जनता से किसी भी घटना की सूचना तुरंत अधिकारियों को देने की अपील की ताकि अग्निशमन एवं आपातकालीन टीमें शीघ्र प्रतिक्रिया दे सकें।