श्रीनगर के शाल्टेंग में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मी। संवाद
- मुजगुंड, सफाकदल और जेवीसी की दमकल टीमों ने काबू पाया, हार्डवेयर और किचन का सामान राख
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। शहर के मलूरा खुजी बाग इलाके में बुधवार दोपहर भीषण आग लगने से एक शोरूम पूरी तरह से जल गया। आग बुझाने के दौरान जेवीसी वीर फायर स्टेशन के इंचार्ज फायर फाइटर तनवीत अहमद झुलए गए। उन्हें तुरंत जेवीसी अस्पताल ले जाया गया।
फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के अधिकारियों के मुताबिक दोपहर करीब 2:16 बजे स्टेट फायर कंट्रोल रूम बटमालू को आग लगने की सूचना मिली। कॉल मिलते ही फायर स्टेशन मुजगुंड, एफएंडईएस मुख्यालय, फायर स्टेशन सफाकदल और फायर स्टेशन जेवीसी वीर से दमकल गाड़ियां मौके पर रवाना कर दी गईं।
अधिकारियों ने बताया कि आग जिस शोरूम में लगी उसकी छत लकड़ी, लोहे और जीसीआई शीट की बनी थी। देखते ही देखते लपटों ने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। अंदर रखा हार्डवेयर का सामान, प्लाई बोर्ड और किचनवेयर पूरी तरह जल गया। दमकल कर्मियों ने बहादुरी और पेशेवर अंदाज में काम करते हुए आग पर काबू पाया। वहीं आग बुझाने के बाद कूलिंग ऑपरेशन शुरू किया गया ताकि आग दोबारा न भड़के।
पूरे ऑपरेशन की निगरानी एडीजीपी फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज आलोक कुमार आईपीएस ने खुद की। उनके साथ विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। फिलहाल आग लगने की वजह का पता नहीं चल पाया है। फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज रेंज कश्मीर ने जांच शुरू कर दी है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। घायल फायर फाइटर तनवीत अहमद का जेवीसी अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है।