- शोपियां में वीरवार देर रात लगी भीषण आग, मालिक के मुताबिक-ईद पर कपड़ों का स्टॉक जमा कर रखा था
संवाद न्यूज एजेंसी
शोपियां। तीन मंजिला रेडीमेड कपड़ों की दुकान में वीरवार देर रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में दुकान और उसमें रखे कपड़े जलकर राख हो गए। आग की ऊंची-ऊंची लपटें देखकर लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही फायर एंड इमरजेंसी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई।
दुकान के मालिक मोहम्मद यूसुफ वानी ने बताया कि वाले ईद त्योहार की तैयारियों के लिए लगभग 25 से 30 लाख मूल्य के रेडीमेड कपड़े का स्टॉक उन्होंने दुकान में जमा कर रखा था। उन्होंने अफसोस जताया कि एक पल में ही सब कुछ राख में बदल गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक दुकान में आग रात लगभग 1:30 बजे के आसपास लगी। आग ने पूरी इमारत को तेजी से अपनी चपेट में ले लिया। जैसे ही आग लगी तो निकटवर्ती मस्जिद से घोषणा कर स्थानीय लोगों को इस बारे में सूचित किया गया।
इतना ही नहीं स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना अग्निशमन और आपातकालीन सेवा विभाग को दी। इस बीच, सभी लोग जिनमें बुजुर्ग, बच्चे, युवा शामिल थे घटनास्थल पर पहुंचे। अपने तौर पर पानी की बाल्टियों से उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि उन लोगों के प्रयासों के बावजूद आग तेजी से फैलती रही। इतने में अग्निशमन के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच गए और आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
उधर दुकान के मालिक मोहम्मद यूसुफ वानी ने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों से अपील की है कि जिला में अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत किया जाए। पर्याप्त स्टाफ, आधुनिक मशीनरी और आवश्यक संसाधनों का प्रबंध सुनिश्चित किया जाए ताकि ऐसे हादसों को समय पर नियंत्रित किया जा सके और भविष्य में नुकसान को कम किया जा सके।
विभाग के अधिकारियों ने वानी की ओर से बताई गई समस्या को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। विभाग मामले की जांच कर रहा है।